रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के गोठांव गांव में स्थित श्री हनुमान मंदिर को अज्ञात चोरों ने शनिवार की रात निशाना बनाया। चोर मंदिर परिसर से लगभग एक दर्जन घंटे चुरा ले गए। यह घटना धार्मिक आस्था और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
मंदिर के प्रबंधक और संस्थापक इंद्र बहादुर सिंह (मुन्ने) ने बताया कि यह मंदिर करीब 7 वर्ष पूर्व स्थापित किया गया था। यहां पर गांव सहित आसपास के श्रद्धालु नियमित रूप से पूजा-पाठ के लिए आते हैं। रविवार की सुबह जब वे मंदिर की सफाई करने पहुंचे, तो देखा कि मंदिर से लगभग 25 किलो वजनी घंटे गायब हैं।
Read it Also :- UP Board Result 2025: हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के नतीजों का इंतजार जल्द होगा खत्म
चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने 112 डायल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अभी तक चोरों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सुराग के आधार पर कार्रवाई में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिरों में इस तरह की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे गांववासियों में असुरक्षा की भावना फैल रही है। मंदिर प्रबंधक ने प्रशासन से गांव में नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह घटना न केवल धार्मिक स्थल के अपमान की ओर इशारा करती है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में बढ़ते अपराध पर भी चिंता जताती है। स्थानीय प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal