रामकोला (कुशीनगर)। नगर पंचायत रामकोला में पिछले 15 दिनों से अनियमित विद्युत आपूर्ति से परेशान लोगों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सभासदों ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मोरवन, धुआटीकर, शास्त्री नगर, फूलवरिया और बैरिया (इमिलिया) वार्डों में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना था कि समस्या लेकर जब वे विद्युत उपकेंद्र पहुंचे तो वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। फोन पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से नाराज लोगों ने उपकेंद्र परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि यदि कुछ वार्डों में बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है तो पूरे नगर में समान रूप से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाए।
सूचना पर एसडीओ (विद्युत) चंदन कुमार सिंह नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ता की। उन्होंने बिजली समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। इसके बाद प्रभावित वार्डों सहित पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश चौधरी ने बताया कि उनके वार्ड समेत मोरवन, शास्त्री नगर, फूलवरिया, बैरिया (इमिलिया) और धुआटीकर में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल आपूर्ति बहाल करा दी गई है तथा स्थायी समाधान के लिए विभाग के उच्च अधिकारियों से बातचीत जारी है। प्रदर्शन में सभासद संजय सिंह, संतोष कुमार, राजेश यादव, संतोष प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



