
होर्मुज स्ट्रेट में तेल टैंकरों से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ईरानी नौसेना ने दावा किया है कि सोमवार सुबह एक और तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। यह घटना होर्मुज के पूर्व में एक सीमित समुद्री क्षेत्र में हुई।
ईरानी नौसेना की ओर से जारी बयान में जहाज को ‘नियमों का उल्लंघन करने वाला’ बताया गया है। नौसेना ने कहा कि वह होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी हिस्से में जहाजों की आवाजाही पर लगातार नजर रख रही है और इस क्षेत्र पर उसका नियंत्रण है।
रविवार से अब तक छह टैंकरों में आग लगने का दावा
इससे पहले ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया था कि होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए।
IRGC के मुताबिक, रविवार से अब तक होर्मुज स्ट्रेट में छह तेल टैंकरों में आग लग चुकी है। हालांकि, इन घटनाओं और जहाजों को हुए नुकसान को लेकर स्वतंत्र पुष्टि सामने आना जरूरी है।
दुनिया के लिए क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट?
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में से एक है। इसके जरिए खाड़ी देशों से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचती है। ऐसे में इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल की कीमतों पर असर पड़ सकता है।
ईरानी नौसेना के ताजा दावे के बाद इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा और जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।



