
फाजिलनगर(कुशीनगर) चौरा खास थाना क्षेत्र के शंकर पटखौली ग्राम पंचायत में चार दिन से लापता 25 वर्षीय युवक का शव तालाब किनारे झाड़ियों में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान आलिम मंसूरी (25) पुत्र अकबर मंसूरी, निवासी शंकर पटखौली के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि आलिम देवरिया में एक चाय की दुकान पर काम करता था। परिजनों के अनुसार वह कई बार बिना बताए सीधे काम पर चला जाता था, इसलिए इस बार भी उन्होंने यही समझा कि वह देवरिया चला गया है। इसी वजह से उसकी तलाश नहीं की गई।रविवार को गांव के कुछ लोग तालाब की ओर गए तो झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो झाड़ियों में एक शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पूरे गांव में आग के जैसे फैल गया। ग्रामीणों ने शव की पहचान आलिम मंसूरी के रूप में की और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना पर चौरा खास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आलिम अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



