दिवाली पर आतिशबाजी को लेकर CM योगी का बड़ा बयान

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में वायु प्रदूषण को लेकर चिंता जताई जा रही है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर हुई आतिशबाजी को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि दिवाली पर लोगों ने खूब आतिशबाजी की और उनकी सरकार ने इस पर किसी तरह की बंदिश नहीं लगाई। लोगों को पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाते देखकर उन्हें अच्छा लगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने UPSSSC की ओर से राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी बांटी गई।

‘त्योहार पर खुशी मनाते ही लोगों को प्रदूषण याद आने लगता है’

सीएम योगी ने धनतेरस और दिवाली का जिक्र करते हुए कहा कि धनतेरस पर बाजारों में खूब रौनक थी। अयोध्या में दीपोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने कहा कि दिवाली पर लोगों ने जमकर आतिशबाजी की और सरकार ने कोई प्रतिबंध नहीं लगाया।

योगी ने कहा कि कुछ लोग दिवाली के बाद प्रदूषण को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अगर प्रदूषण हुआ है तो वह खत्म भी हो जाएगा, इसकी इतनी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोग एक दिन आतिशबाजी करते हैं तो प्रदूषण की बात होने लगती है, लेकिन भ्रष्टाचार से व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों पर कोई सवाल नहीं उठाता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों पर लोग खुशी मनाते हैं तो कुछ लोगों को तभी प्रदूषण याद आने लगता है। उन्होंने बताया कि वह खुद अयोध्या में आतिशबाजी के दौरान मौजूद थे।

सपा सरकार में 1,500 दंगों का किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की चार बार सरकार रही और उस दौरान करीब 1,500 दंगे हुए थे। हालात ऐसे थे कि कई-कई महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था।

योगी ने कहा कि 2017 से पहले त्योहारों के आने से पहले ही दंगे शुरू हो जाते थे, जबकि अब प्रदेश में गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं।

भाई दूज पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा

मुख्यमंत्री ने भाई दूज के मौके पर 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले इस तरह की व्यवस्था की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

Related Articles

Back to top button