‘मेरे हाथ में कलम है, खंजर नहीं’, आजम खान को चंद्रशेखर का जवाब

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी को अक्ल से काम लेने की नसीहत दी थी। साथ ही नगीना के लोगों पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्होंने दिल में खंजर उतार दिया। अब चंद्रशेखर ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि सत्ता से है। उन्हें आजम खान से कोई शिकायत नहीं है।

चंद्रशेखर ने कहा कि आजम खान लंबे समय बाद जेल से बाहर आए हैं। वह उन्हें वरिष्ठ नेता मानते हैं और उनके साथ संबंध इतने खराब नहीं हैं कि इस तरह की बातों को व्यक्तिगत विवाद बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आजम खान को अपनी पार्टी को संभालने के लिए इस तरह के बयान देने पड़ रहे होंगे।

‘मेरे हाथ में कलम है, खंजर में भरोसा नहीं’

आजम खान के खंजर वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर ने कहा, “मेरे हाथ में तो कलम है, मैं खंजर में भरोसा नहीं रखता हूं।” उन्होंने कहा कि वह इस सोच के साथ राजनीति करते हैं कि नेकी करो और दरिया में डाल दो। उन्हें आजम खान से कोई शिकायत नहीं है।

चंद्रशेखर के मुताबिक, आजम खान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और अपनी पार्टी को संभालने के लिए उन्हें कई बार ऐसे बयान देने पड़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा, “कुछ तो मजबूरियां रही होंगी।” चंद्रशेखर ने साफ किया कि उनके और आजम खान के संबंध इतने खराब नहीं हैं कि उनके बयान को निजी दुश्मनी के तौर पर देखा जाए।

‘मेरी लड़ाई सत्ता के खिलाफ है’

नगीना सांसद ने कहा कि उनकी लड़ाई सत्ता के खिलाफ है। उन्होंने अपने गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि यह मोर्चा भी सत्ता के खिलाफ संघर्ष कर रहा है। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि पिछले नौ साल से अधिक समय में बीजेपी और एनडीए की सत्ता में अन्याय और अत्याचार हुआ है।

उन्होंने कहा कि वह खुद भी इस अन्याय के पीड़ित रहे हैं। निर्दोष होने के बावजूद उन्हें जेल में रखा गया और उन्हें गोली लगने की घटना का भी सामना करना पड़ा। ऐसे में आजम खान के बयान पर वह ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते।

26 नवंबर को दिखेगी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की ताकत

चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के आगामी कार्यक्रम को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है। जनता जिसे चाहे आगे बढ़ा सकती है और जिसे चाहे पीछे कर सकती है। उन्हें जनता पर भरोसा है और मोर्चे ने इसके लिए मेहनत की है।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में मोर्चे की ताकत का ट्रेलर देखने को मिलेगा। चंद्रशेखर के मुताबिक, गठबंधन की रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नई राजनीतिक ऊर्जा पैदा करेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता को उखाड़ फेंकेगा।

आजम खान ने क्या कहा था?

दरअसल, सपा नेता आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी को अक्ल से काम लेने की नसीहत दी थी। उन्होंने नगीना के लोगों का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्होंने उनके दिल में खंजर उतार दिया। इसी बयान पर चंद्रशेखर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी राजनीति किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि सत्ता के खिलाफ है।

Related Articles

Back to top button