
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है. हालांकि, इस ऑफर को लेकर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने दो टूक कहा कि वह किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रहे हैं. उनके इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है.
इमरान मसूद ने कहा, “मुझे तो पता नहीं कब दे रही है, मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं.” उनके इस बयान को सपा के 26 सीटों के कथित प्रस्ताव पर कांग्रेस की नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है.
सीटों की संख्या नहीं, हर सीट पर होगी चर्चा: राजीव राय
सपा सांसद राजीव राय ने सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि दोनों दलों के नेता एक-एक विधानसभा सीट पर चर्चा करेंगे. उनके मुताबिक, यह बातचीत केवल सीटों की संख्या तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर सीट की राजनीतिक स्थिति और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर फैसला लिया जाएगा.
राजीव राय ने कहा, “सवाल यह नहीं है कि कौन कितनी सीटों की संख्या बता रहा है. यह कोई कपड़ा खरीदने की बात नहीं है कि 200 रुपये की शर्ट है तो 100 रुपये में ले लो. जो भी फैसला होगा, वह एक-एक सीट पर चर्चा के बाद होगा, ताकि हमें दो-तिहाई बहुमत मिल सके.”
403 सीटों पर बातचीत में लगेगा समय
सपा सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं. ऐसे में हर सीट पर दोनों दलों की राय जानना और किसी नतीजे पर पहुंचना समय लेने वाला काम है. उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने बातचीत से पहले अपना होमवर्क किया होगा और एक-दूसरे के साथ जरूरी जानकारियां साझा की होंगी.
राजीव राय के मुताबिक, जिन सीटों पर कोई जटिलता या पेचीदगी सामने आएगी, उन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि सीटों पर बातचीत अचानक शुरू नहीं होती और इसके लिए पहले से तैयारी की जाती है.
गठबंधन की राह में सीटों का गणित अहम
सपा और कांग्रेस के बीच दूसरे दौर की बातचीत के बीच 26 सीटों के कथित प्रस्ताव और इमरान मसूद के बयान ने गठबंधन की राजनीति को चर्चा में ला दिया है. एक तरफ कांग्रेस की ओर से सम्मानजनक सीटों की मांग के संकेत मिल रहे हैं, तो दूसरी तरफ सपा सीटों की संख्या के बजाय जीत की संभावना को आधार बनाने की बात कह रही है.
अब देखना होगा कि दोनों दलों के नेता सीट-दर-सीट चर्चा के बाद किस फॉर्मूले पर सहमत होते हैं और 2027 के चुनाव के लिए गठबंधन की तस्वीर कैसी बनती है.



