
नेपाल में मंगलवार सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 दर्ज की गई। सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर आए इस भूकंप का असर भारत समेत पांच देशों में देखने को मिला। नेपाल के अलावा भारत, बांग्लादेश, भूटान और चीन के कई इलाकों में धरती कांपी। अचानक आए भूकंप से लोगों में दहशत फैल गई और कई जगह लोग घरों से बाहर निकल आए।
पश्चिम बंगाल के उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सुबह के समय धरती हिलने से लोग घबरा गए। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
भूकंप का केंद्र नेपाल में बताया जा रहा है। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। भूकंप के असर और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



