
वाराणसी में देव दीपावली का भव्य आयोजन मंगलवार को होगा. इस मौके पर काशी के गंगा घाटों से लेकर कुंडों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र तक दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे. लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इस अद्भुत नजारे के साक्षी बनेंगे. इस वर्ष 10 से 15 लाख लोगों के काशी पहुंचने का अनुमान है. आयोजन को भव्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं.
देव दीपावली पर काशी में 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. इसके साथ ही 2100 स्वदेशी ड्रोन, लेजर शो, 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र होंगे. घाटों पर मां गंगा की भव्य आरती के साथ पूरा शहर उत्सव के रंग में नजर आएगा.
11 लाख दीपों से रोशन होंगे घाट, कुंड और गंगा पार
देव दीपावली पर काशी के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता के माध्यम से करीब 5 लाख दीप जलाए जाएंगे. इनमें मिट्टी और गोबर से बने दीप शामिल होंगे. गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर करीब 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे.
घाटों और गंगा पार के क्षेत्र में दीप जलाने का समय शाम 5:15 से 5:45 बजे तक निर्धारित किया गया है. इसके बाद प्रमुख घाटों पर शाम 6 से 7 बजे तक मां गंगा की भव्य आरती होगी.
2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगा शिव तांडव
इस बार देव दीपावली पर आधुनिक तकनीक का भी खास नजारा देखने को मिलेगा. गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे. यह शो शाम 8 से 8:10 बजे तक आयोजित होगा.
वहीं, चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 25 मिनट का 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा. इसके बाद ललिता घाट के सामने गंगा पार रात 8:30 से 8:40 बजे तक पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा.
सरकारी भवनों से काशी विश्वनाथ धाम तक सजावट
देव दीपावली के लिए गंगा घाटों के साथ शहर के प्रमुख सरकारी भवनों, कार्यालयों और होटलों को भी विद्युत सजावट से रोशन किया जाएगा. रंगोली, फसाड लाइटिंग और रंग-बिरंगी झालरों से काशी को उत्सवी रूप दिया जा रहा है.
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में भी विशेष तैयारियां की गई हैं. मंदिर परिसर को फूलों और विद्युत झालरों से सजाया जाएगा. अलग-अलग स्थानों पर पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी और शाम को दीपोत्सव मनाया जाएगा. ललिता घाट पर भी दीपदान का आयोजन होगा.
दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से सजेगी महाआरती
देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की मां गंगा आरती को विशेष रूप दिया जाएगा. गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र के अनुसार, घाट को 21 कुंतल फूलों और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा. इस बार महाआरती कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित रहेगी. अमर जवान ज्योति की अनुकृति के सामने रीथ लेइंग कार्यक्रम भी होगा.
महाआरती में 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं शामिल होंगी. शंखनाद और डमरुओं की गूंज के बीच मां गंगा की आरती की जाएगी. आयोजन का सीधा प्रसारण गंगा सेवा निधि के यूट्यूब चैनल पर भी होगा.
151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक
प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित महाआरती में 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा. समिति के संस्थापक अध्यक्ष पंडित किशोरी रमण दुबे ‘बाबू महाराज’ के मुताबिक, घाट को करीब 500 किलोग्राम देशी और विदेशी फूलों से सजाया जाएगा. यहां स्थापित मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी.
काशी की महान विभूतियों की स्मृति में जलेंगे 2100 दीप
देव दीपावली पर पुष्कर तालाब में काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. इस दौरान पंडित मदन मोहन मालवीय, गिरिजा देवी, वीरभद्र मिश्र, पंडित किशन महाराज, बिस्मिल्लाह खां और पंडित छन्नूलाल मिश्र सहित कई विभूतियों को याद किया जाएगा. यहां भगवान ब्रह्मा और पुष्कर तालाब की वेदपाठी बटुकों द्वारा आरती भी की जाएगी.
भगवान शिव की विजय से जुड़ी है देव दीपावली की मान्यता
धार्मिक मान्यता के अनुसार, देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है. पौराणिक कथा के मुताबिक, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी. इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था. मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर देवता भी काशी के गंगा घाटों पर दीपोत्सव और मां गंगा की आरती में शामिल होने आते हैं.
इसी परंपरा के चलते हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर काशी के घाटों पर दीपदान किया जाता है. समय के साथ यह आयोजन घाटों से आगे बढ़कर कुंडों और तालाबों तक पहुंच गया है. यही वजह है कि देव दीपावली के मौके पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं.



