गुरु नानक प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचे धामी, जानें क्या बोले CM

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा और सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर खटीमा स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारे में उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के जरिए पूरी मानवता को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार का रास्ता दिखाया। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देती हैं।

सिख धर्म की विरासत को संजोने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही हैं। ऐतिहासिक तीर्थस्थलों का विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के पास धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही राज्य में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

गुरुद्वारा साहिब पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी और किशन सिंह किन्ना समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button