
सहारनपुर में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को कथित तौर पर गलती से ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने के मामले ने राजनीतिक बयानबाजी तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार का यह कहना कि सम्मान गलती से दिया गया, अपने आप में और बड़ा अपमान है।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर किसी को गलती से सम्मान दे दिया गया तो इसका मतलब यह है कि बीजेपी सरकार जानबूझकर उन्हें सम्मान नहीं देती और इस बार जो हुआ, वह भूलवश हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि सम्मान देने के बाद उसे गलती बताकर वापस लेने की बात करना क्या उस व्यक्ति का और अपमान नहीं है?
‘दबी-छिपी बातों का भंडाफोड़ हो गया’
सपा प्रमुख ने आगे तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी सरकार से गलती यह हुई है कि जो संबंध दबे-छिपे थे, उनका भंडाफोड़ हो गया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कहीं किसी एक को सम्मान देकर अप्रत्यक्ष रूप से किसी दूसरे का अपमान तो नहीं किया जा रहा।
अखिलेश ने कहा कि यह केवल पहचान की गलती नहीं, बल्कि संबंधों की डोर खुलने का मामला है। उन्होंने पुलिस विभाग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस विभाग से खुफिया जानकारी रखने की उम्मीद की जाती है, उससे ऐसी चूक होना कई सवाल खड़े करता है।
यूपी पुलिस पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार में पुलिस पर झूठे मुकदमे दर्ज करने, फर्जी एनकाउंटर, हिरासत में मौत और चुनावी गड़बड़ियों जैसे कामों का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अगर पुलिस के खिलाफ ही शिकायत हो तो आम जनता एफआईआर दर्ज कराने कहां जाए?
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में विपक्ष की कोई भूमिका नहीं है कि सरकार भ्रामक बयान देकर लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दे।
‘छवि बची ही कहां है जो खराब होगी’
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ी सामग्री हटाने की कथित अपील को लेकर भी पुलिस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस का कहना है कि इस घटना से संबंधित सामग्री हटाई जाए, क्योंकि इससे विभाग की छवि खराब हो रही है। इस पर उन्होंने सवाल किया, “छवि बची ही कहां है जो खराब होगी?”
सपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि इस घटना के बाद हैदराबाद तक में बीजेपी के खिलाफ नाराजगी बढ़ी है। उन्होंने अपने पोस्ट के आखिर में एक गाने की पंक्ति लिखकर बीजेपी पर व्यंग्य किया।



