
वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सात लोहे की प्लेटें बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 26 जून को एक दुकानदार ने अपनी दुकान से लोहे की प्लेटें चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर चेतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान सोमवार को पुलिस ने सैफ अली (20 वर्ष) पुत्र यूनुस अहमद, निवासी पोखरा मोहल्ला, थाना औराई, जनपद भदोही (स्थायी पता- बेलवइयां, थाना अकबरपुर) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की सात लोहे की प्लेटें बरामद की गईं।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार यादव एवं कांस्टेबल भीम कुमार की टीम ने की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



