तमकुहीराज (कुशीनगर ) | तहसील गेट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर गुरुवार की सुबह एक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गयी है ।
मृतक की पहचान तमकुहीराज थाना क्षेत्र के परसौनी बुजुर्ग निवासी दूधनाथ कुशवाहा (55 वर्ष) के रूप में हुई है। दूधनाथ दवा लेने के लिए तहसील रोड स्थित मेडिकल स्टोर जा रहे थे। एनएच-27 पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक के प्रयास में उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का अगला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा अचानक हुआ और ट्रक चालक तुरंत वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। तमकुहीराज एसएचओ गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।



