गंगा महोत्सव-देव दीपावली की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, 20 से 24 नवंबर तक काशी में सजेगा उत्सव

राजघाट पर होगा गंगा महोत्सव का मुख्य आयोजन, नमो घाट पर भी होंगे कार्यक्रम; स्थानीय कलाकारों और काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेगा मंच

वाराणसी। आगामी गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए मंगलवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस वर्ष गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तथा देव दीपावली 24 नवंबर को आयोजित होगी। गंगा महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम राजघाट पर होगा, जबकि नमो घाट और राजघाट पर अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंडलायुक्त ने कहा कि गंगा महोत्सव और देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान से जुड़े प्रमुख आयोजन हैं। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक इन आयोजनों में शामिल होने काशी पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को विशेष अवसर देने के निर्देश दिए। स्थानीय कलाकारों की जानकारी जुटाने के साथ काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों तथा राजघाट के पास संचालित गुरुकुल के छात्रों को भी कार्यक्रमों में प्रमुखता देने को कहा गया।

मंडलायुक्त ने ओडीओपी उत्पादों और स्थानीय कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख घाटों एवं होटलों पर स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से काशी की गंगा-जमुनी संस्कृति, कला, संगीत और आध्यात्मिक परंपरा को प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश एवं सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने नगर निगम को आयोजन से पहले घाटों पर जमा सिल्ट की सफाई समय से कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा। भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, घाटों पर विशेष स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव, सचिव विकास प्राधिकरण वेद प्रकाश, एडीएम सिटी राजेश कुमार, एडीएम प्रोटोकाल विनय सिंह सहित पर्यटन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और गंगा घाट समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button