वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को नदेसर स्थित एक रेस्टोरेंट के ऊपर निवास करने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ शुभम नामक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
इसी क्रम में 28 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी शुभम वरुणा पुल के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



