
फाजिलनगर(कुशीनगर) | पटहेरवा थाना क्षेत्र के मोगलपुरा स्थित मदरसे के समीप मंगलवार की दोपहर गैस सिलेंडरों से लदा मैजिक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर बरई रजवाहा नहर में पलट गया। वाहन के नहर में गिरते हीमौकेपरअफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार मठिया गुरवलिया स्थित गैस एजेंसी से मैजिक वाहन में गैस सिलेंडर लादकर गांवों में डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा था। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वाहन मोगलपुरा मदरसे के पास बरई रजवाहा नहर पर पहुंचा था। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और मैजिक नहर में जा पलटा।हादसा होते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन से छलांग लगा दी। इससे वह सुरक्षित बच गया। उधर, गैस सिलेंडरों से लदा वाहन नहर में पलटने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नहर में गिरे गैस सिलेंडरों को एक-एक कर बाहर निकलवाया। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। वहीं नहर में पलटे मैजिक वाहन को बाहर निकालने के लिए जेसीबी का इंतजार किया जा रहा था। समाचार लिखे जाने तक नहर में मैजिक पड़ी थी। वही घटना को लेकर मौके पर काफी देर तक ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।



