
वाराणसी। काशी में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या को लेकर नगर निगम ने एक गंभीर खुलासा किया है। शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत करीब आधा दर्जन वार्डों की मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के दौरान अंदर बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री ठूंसी हुई मिली है। नगर निगम ने प्रथम दृष्टया इसे मुख्य सीवर लाइनों को जानबूझकर चोक करने की साजिश बताया है।
शुक्रवार रात शिवाला क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू बरामद होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। निगम का कहना है कि मुख्य सीवर लाइन जाम होने से आसपास की सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो हुआ और जलभराव की स्थिति बनी।
शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियो के पास मौके का निरीक्षण किया। महापौर ने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें लगातार जलभराव समाप्त करने में जुटी हैं। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर नगर निगम को निशाना बनाकर भ्रामक फोटो और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।
महापौर ने कहा कि सीवर लाइन के भीतर इतनी मात्रा में बालू की बोरियां मिलना सामान्य घटना नहीं है। मामले की गहन जांच कराई जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी।
भेलूपुर थाने में तहरीर, अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता (जोन-2) ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए भेलूपुर थाने में तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने मुख्य सीवर लाइन को चोक कर जलकल विभाग और शहर की छवि धूमिल करने की नीयत से यह कृत्य किया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि पूरे मामले की जांच कर साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सीवर लाइन अथवा सरकारी परिसंपत्तियों के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई दे तो तत्काल नगर निगम को इसकी सूचना दें।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सुरेश चौरसिया, चंद्रनाथ मुखर्जी, मदनमोहन तिवारी, विजय द्विवेदी, महेंद्र पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह, सचिव सुधीर वर्मा समेत अधिकारी मौजूद रहे।



