सम्पूर्ण समाधान से फरियादी कर रहे है किनारा ,समस्या का समाधान नही होना मुख्य वजह समाधान दिवस में कम पहुचे फरियादी

तमकुहीराज ( कुशीनगर ) तहसील सभागार में  आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की कम संख्या पहुचने पर समाधान दिवस पर प्रश्रचिन्ह खड़ा होने लगा है ।   उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में  मात्र  32 शिकायतें ही आयी ।  कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पाता, जिससे लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।

तहसील प्रशासन ने फरियादियों की कम संख्या का कारण इस समय चल रहे खेती-बाड़ी के कार्यों को बताया। अधिकारियों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान कृषि कार्यों में व्यस्त हैं, जिसके कारण समाधान दिवस में अपेक्षाकृत कम लोग पहुंचे।

हालांकि, कुछ फरियादियों ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में देरी और केवल कागजी कार्रवाई होने की वजह से भी लोग तहसील आने से बच रहे हैं।         समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी रहीं। वरासत, भूमि विवाद, सीमांकन और धारा-24 के मामलों को लेकर फरियादी पहुंचे। लोगों ने शिकायत की कि आदेश जारी होने के बाद भी कई मामलों में मौके पर पैमाइश नहीं हो पाती। इसके कारण उन्हें महीनों तक तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

समाधान दिवस में तमकुहीराज, सेवरही और दुदही विकासखंड के बीडीओ समेत कई विभागों के अधिकारी स्वयं उपस्थित नहीं हुए। उनकी जगह अधीनस्थ कर्मचारियों ने पहुंचकर औपचारिकता पूरी की। इस पर भी सवाल उठे कि जब अधिकारी ही मौजूद नहीं रहेंगे तो शिकायतों के प्रभावी समाधान की प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ेगी।

एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को भी लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिया ।

समाधान दिवस में कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 15, पुलिस विभाग की 6, विकास विभाग की 2 और अन्य विभागों की 9 शिकायतें शामिल रहीं।

इनमें से राजस्व विभाग से संबंधित चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 28 शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश के साथ भेजा गया। समाधान दिवस के दौरान सरया बुजुर्ग निवासी आफताब आलम ने आठ वर्षों से लंबित भूमि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होने पर एसडीएम को पत्र देकर धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रशासन की पहल की सराहना की।

इस अवसर पर नगर पंचायत के ईओ, सभी सीडीपीओ, विभिन्न थानों की पुलिस, राजस्वकर्मी और अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button