
संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश की सियासत में संविधान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान को लेकर बयानबाजी तेज हो गई। लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द ‘हम भारत के लोग’ का जिक्र करते हुए कहा कि देश की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष की जागीर नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका वास्तविक संरक्षक आम नागरिक है।
कांग्रेस और सपा पर लगाए आरोप
सीएम योगी ने कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर को भारत रत्न नहीं देने और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र करने का आरोप लगाया। उन्होंने समाजवादी पार्टी को भी कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाने के मुद्दे पर घेरा। योगी के मुताबिक, बीजेपी सरकार ने सत्ता में आने के बाद मेडिकल कॉलेज का नाम दोबारा बाबा साहेब के नाम पर रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने महापुरुषों के सम्मान में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किए जाने, बहराइच में महाराज सुहेलदेव के नाम पर स्मारक और मेडिकल कॉलेज बनाए जाने तथा अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने का जिक्र किया।
3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। सरकार ने बाबा साहेब और सामाजिक न्याय के महापुरुषों से जुड़े कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर काम शुरू किया जा रहा है।
इन स्थलों पर जरूरत के मुताबिक छतरी, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में फुलवारी भी बनाई जाएगी। योगी ने कहा कि यह पहल केवल मूर्तियों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा साहेब, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के योगदान तथा वंचित वर्गों की भावनाओं के सम्मान से जुड़ी है।
संविधान लागू होने के पहले दिन से मिला मताधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने संविधान लागू होने के पहले ही दिन से हर वयस्क नागरिक को बिना भेदभाव मतदान का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना समानता और नागरिक अधिकारों में निहित है। योगी के मुताबिक, संविधान सभा के 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे और सभा की 15 महिला सदस्यों में से छह उत्तर प्रदेश से थीं।
पिछली सरकारों पर माफिया को संरक्षण देने का आरोप
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कर्फ्यू, दंगे और घोटाले आम बात थे। उन्होंने पेपर लीक, नकल, नौकरी में वसूली और गरीबों को सरकारी योजनाओं से वंचित रखने जैसी शिकायतों का भी जिक्र किया।
योगी ने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन विकास की गारंटी है। उनके मुताबिक, सरकार की प्राथमिकता गरीबों और वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना है।



