उप्र आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ, वाराणसी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण

वाराणसी। आउटसोर्स कर्मियों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को वाराणसी के आयुक्त सभागार ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया। लखनऊ के लोक भवन प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का वाराणसी में लाइव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। पिण्डरा विधायक अवधेश सिंह, जिला पंचायत प्रशासक पूनम मौर्या, विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आउटसोर्स कर्मी मौजूद रहे।

मुख्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण तथा वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आउटसोर्स कर्मियों के हित में बढ़े हुए पारिश्रमिक, ईपीएफ/ईएसआईसी, बीमा, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सेवा संरक्षण, प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार के अवसरों से जुड़ी विभिन्न पहलों की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिचौलियों के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों के शोषण को रोकने के साथ ही उन्हें पूरा मानदेय और नियमानुसार अन्य लाभ सुनिश्चित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को मजबूत किए जाने से बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मियों को लाभ मिलेगा।

इस दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, उपायुक्त (स्वतः रोजगार) पवन कुमार सिंह, रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह, जिला लेबर कमिश्नर, सहायक लेबर कमिश्नर, उप निदेशक सूचना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम और वाराणसी विकास प्राधिकरण के आउटसोर्स कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में पांच नगर निगम कर्मियों को किट, तीन लाभार्थियों को डेमो चेक तथा चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उपस्थित कर्मियों ने आउटसोर्स सेवा निगम की पहल को सामाजिक सुरक्षा, पारदर्शिता, सम्मानजनक पारिश्रमिक और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button