वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को काशी से वडनगर के लिए ‘सेवा संकल्प यात्रा’ रवाना हुई। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री व लोजपा प्रमुख चिराग पासवान समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। मंच पर दिग्गज नेताओं के पहुंचते ही ‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम के बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना किया गया।
यात्रा के माध्यम से काशी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव को रेखांकित किया गया। काशी से ले जाए जा रहे जल से वडनगर स्थित बाबा हाटकेश्वर का जलाभिषेक किया जाएगा।
‘सिर्फ यात्रा नहीं, दो स्थानों को जोड़ने का संकल्प’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ‘भारत माता की जय’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए दीर्घायु की कामना की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज शुरू हो रही यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने वाली यात्रा नहीं है, बल्कि एक स्थान को दूसरे स्थान से जोड़ने की यात्रा है। वडनगर में प्रधानमंत्री को मां हीराबेन का आशीर्वाद मिला। उन्होंने इसे संस्कार, साधना और संगम की यात्रा बताया।
उन्होंने कहा कि काशी की दिव्यता गुजरात जाएगी और गुजरात से आस्था काशी आएगी। बाबा विश्वनाथ और बाबा सोमनाथ की धरती का यह मिलन है। काशी से जाने वाले जल से बाबा हाटकेश्वर का जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब दो हजार वर्ष पहले सारनाथ से बौद्ध भिक्षुओं ने वडनगर की यात्रा की थी। आज की यात्रा का उद्देश्य केवल जल का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि भावनाओं और संस्कारों का आदान-प्रदान भी है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में कर्तव्य और सेवा भी महत्वपूर्ण हैं और इसके तहत सेवा कार्य किए जाएंगे।
‘बिना रुके, बिना झुके आगे बढ़ रहा सेवा संकल्प’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मां गंगा और मां अन्नपूर्णा से उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने 2047 तक प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत के विकसित राष्ट्र बनने की कामना भी व्यक्त की।
सीएम योगी ने कहा कि यह वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे आगे बढ़ाया गया है और यह सभी के लिए गौरव का विषय है।
‘सेवा ही पीएम मोदी का धर्म’
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने काशी की पवित्र धरती पर आने को अपने लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि काशी दुनिया की सबसे प्राचीन नगरी होने के साथ नई सोच भी देती है।
नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी शक्ति और विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया और ‘जय श्रीराम’ का उद्घोष किया। उन्होंने कहा कि यह नया भारत और आत्मनिर्भर भारत है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सेवा ही धर्म है।
‘पीएम ने हर नागरिक को परिवार का सदस्य माना’
केंद्रीय मंत्री और लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने बाबा विश्वनाथ के चरणों में प्रणाम करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के साथ करीब 12 वर्ष पहले शुरू हुई और प्रधानमंत्री ने हर क्षण उन्हें प्रोत्साहित किया।
चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री हर कार्यकर्ता और नागरिक को अपने परिवार का सदस्य मानकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार काम कर रहे हैं। देश का हर युवा उनसे सीखकर आगे बढ़े तो भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने सीमा सुरक्षा, अंतरिक्ष क्षेत्र और समाज के विभिन्न वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के सम्मान का नाम नरेंद्र मोदी है।
काशी से गुजरात तक गूंजेगा सेवा का संदेश
सेवा संकल्प यात्रा को काशी और वडनगर के बीच आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सेतु के रूप में प्रस्तुत किया गया। यात्रा के जरिए बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से बाबा हाटकेश्वर की नगरी वडनगर तक जल, आस्था और भावनाओं के आदान-प्रदान का संदेश दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुई यह यात्रा काशी से गुजरात तक सेवा, संस्कार और सांस्कृतिक जुड़ाव की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम बनी।



