वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने बीएचयू सिंहद्वार (मुख्य गेट) पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को सड़क पर धरना देने से रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते सपा नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लगभग आधा दर्जन सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से थाने भेज दिया।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना उनका संवैधानिक अधिकार है और सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं से पूछताछ के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान बीएचयू गेट के आसपास कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य करा दिया।



