जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा पहुँची प्रतापगढ़, कुंडा में हुआ भव्य स्वागत

प्रतापगढ़ | जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अपने 35वें दिन मंसूराबाद से आगे बढ़ते हुए प्रतापगढ़ पहुँची। यात्रा के दौरान कुंडा बाज़ार में कांग्रेस पार्टी के नेता संदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समान अवसर के सवालों को लेकर स्थानीय लोगों से संवाद किया।

कुंडा के स्वागत कार्यक्रम में विजय शंकर त्रिपाठी (पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष), रामखेलावन सरोज, मो. यूसुफ, मुन्ना यादव, गोविंद सरोज, बच्चा मौर्य, संतोष प्रजापति, संगम लाल मिश्रा (किसान यूनियन अध्यक्ष), सत्यम तिवारी, गौरव, संगम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। यात्रा का आज का पड़ाव परियावाँ में हुआ, जहाँ युवाओं और स्थानीय लोगों के साथ शिक्षा एवं रोजगार के मुद्दों पर चर्चा की गई।

यात्रा ने हाल के दिनों में कुंडा विधायक द्वारा जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उसकी कड़े शब्दों में भर्त्सना की। यात्रा के सदस्यों ने कहा कि युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए हुए आंदोलन पर सवाल उठाने वाले लोग असल में जेन ज़ी आंदोलन से भयभीत हैं। जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य युवाओं के बीच जाकर उनके मुद्दों पर चल रहे आंदोलनों को एक मंच पर लाने का है।

प्रतापगढ़ में यात्रा के दौरान टीम ने जर्जर सरकारी स्कूलों और अनियमित रूप से संचालित महाविद्यालयों की स्थिति का भी जायज़ा लिया। यात्रा के सदस्यों ने कहा कि इन संस्थानों से संबंधित समस्याओं और निरीक्षण के दौरान सामने आई स्थितियों की सूची तैयार कर ज़िले के अधिकारियों को सौंपी जाएगी। यात्रा 24 सितंबर को परियावाँ से आगे बढ़ते हुए रायबरेली ज़िले में प्रवेश करेगी।

Related Articles

Back to top button