मौत के बाद दफन छात्रा का शव निकाला, पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, डीएम के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव।

रामकोला कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के महुअवा पूर्व माध्यमिक विद्यालय  में पढ़ने वाली छात्रा नेहा भारती की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर दफनाए गए छात्रा के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। यह कार्रवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट पड़रौना सर्वेश कुमार की मौजूदगी में की गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि नेहा भारती की मौत के बाद स्वजन ने शव को दफना दिया था। मामले को लेकर प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर शव को कब्र से निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया।

शव बाहर निकाले जाने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद छात्रा की मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, प्रशासन की कार्रवाई के बाद मामले की जांच को लेकर लोगों की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

बताते चले कि बुधवार को कक्षा सात की 13 वर्षीय छात्रा नेहा पढ़ाई के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गई थी। इससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों और परिजनों ने उसे तत्काल रामपुर दहाउर चौराहे पर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से नेहा को रामकोला सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रविन्द्र नगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन कार्यवाही के आश्वासन के बाद नेहा के शव को दफना दिया था।

Related Articles

Back to top button