
लखनऊ भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग 26 एवं 27 नवम्बर को गोरखपुर में 17 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की करेंगे समीक्षा। वहीं आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर पांच मण्डलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी समीक्षा बैठक में करेंगे प्रतिभाग।
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग एवं आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 26 एवं 27 नवम्बर, 2026 को जनपद गोरखपुर में पांच मण्डलों के अंतर्गत आने वाले 17 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
प्रथम दिवस गोरखपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मण्डलों के अंतर्गत आने वाले 11 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इनमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, बस्ती, संतकबीर नगर एवं सिद्धार्थनगर जनपद शामिल हैं।
इसी प्रकार 27 नवम्बर, को आजमगढ़ एवं विंध्याचल मण्डलों के अंतर्गत आने वाले 06 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इनमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपद शामिल हैं।
समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में संबंधित पांचों मण्डलों के मण्डलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक प्रतिभाग करेंगे।
बैठक के दौरान संबंधित जनपदों के अधिकारियों द्वारा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं प्रस्तावित कार्ययोजना के संबंध में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतियों के आधार पर निर्वाचन तैयारियों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जा सकें।



