गोंडा। रविवार को कोतवाली कर्नलगंज पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की सीट से मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो आरोपी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल को बरामद किया है।
दिनांक 03.10.2026 को वादी केशबहादुर सिंह पुत्र भगोले सिंह, निवासी ग्राम शिवबक्शपुरवा बिबियापुर अवधूतनगर, थाना कर्नलगंज, द्वारा थाना कोतवाली करनैलगंज पर लिखित तहरीर दी गई कि वह ई-रिक्शा लेकर बाबागंज से कर्नलगंज जा रहे थे । बाबागंज बंधा के पास सड़क के किनारे ई-रिक्शा खड़ा कर मोबाइल फोन सीट पर रखकर पेशाब करने लगे, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल HF Deluxe नं0 UP 40 BS 8117 पर सवार दो व्यक्ति आए और ई-रिक्शा की सीट पर रखा उनका रियलमी मोबाइल फोन लेकर भाग गए । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली करनैलगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया ।
रविवार को थाना कोतवाली करनैलगंज पुलिस द्वारा मुकदमा उपरोक्त से संबंधित अभियुक्तों व चोरी गए माल की तलाश की जा रही थी । मुखबिर खास की सटीक सूचना पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम झलरिया से आगे बदरे बाबा से चचरी मार्ग के पास से 2 अभियुक्तों राहुल पाण्डेय व बलराम सिंह उर्फ अमन सिंह को गिरफ़्तार किया गया । अभियुक्तों के कब्ज़े से ई-रिक्शा से चोरी किया गया 1 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त 1 चोरी की मोटरसाइकिल व ₹1,000/- नकद बरामद हुए । पूछताछ में ज्ञात हुआ कि बरामद मोटरसाइकिल अभियुक्तों द्वारा थाना फखरपुर (बहराइच) क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में थाना फखरपुर,बहराइच पर अभियोग पूर्व से पंजीकृत है । अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।



