
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके माता-पिता के प्रति अमर्यादित टिप्पणी भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। कांग्रेस को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधान सभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी। वह लखीमपुर में एक कार्यक्रम से लौटते समय सीतापुर के हरगांव पहुंचे। जहां भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया।
उपमुख्यमंत्री जिला पंचायत सदस्य एवं महोली निवासी मनोज मिश्रा की माता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास जा रहे थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित टिप्पणी से जुड़े सवाल पर बृजेश पाठक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इसकी निंदा करते हैं। कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण अपना मानसिक संतुलन खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध भाजपा या प्रधानमंत्री से हो सकता है, लेकिन माता-पिता के प्रति अपमानजनक भाषा भारतीय संस्कृति नहीं है। भारत में माता-पिता को भगवान का दर्जा दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, खड़गे और कांग्रेस के अन्य नेता लगातार ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं, जिसे देश स्वीकार नहीं करेगा।
अखिलेश यादव के कांग्रेस के साथ गठबंधन संबंधी बयान पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन करें या न करें, भाजपा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर जन-जन की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
उन्होंने सपा पर प्रदेश में गुंडे-माफियाओं को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाने और प्रदेश में अपराधियों को संरक्षण देने के मुद्दे पर भी सपा को घेरा। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ऐसी खबर मिली है कि प्रदेश की जेलों में बंद कुछ अपराधी सपा सरकार बनने की उम्मीद में जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मंसूबे पूरे नहीं होंगे और प्रदेश की जनता गुंडे-बदमाशों को स्वीकार नहीं करेगी।
राहुल गांधी से जुड़े सवाल पर बृजेश पाठक ने कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना चाहिए। भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है और वह न्यायालय का सम्मान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा सत्ता के लालच में देश के संस्कारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान कर रही हैं।
राहुल गांधी के भाजपा के प्रति प्रेम और राजनीतिक बयानबाजी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को आत्मचिंतन करना चाहिए कि वह देश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र मजबूत है और करोड़ों युवा भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।
जामा मस्जिद की कमेटी से जुड़े मामले में इमरान प्रतापगढ़ी समेत लोगों पर मुकदमा दर्ज होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर देश में माहौल खराब करने तथा विदेशी ताकतों के साथ मिलकर पर्दे के पीछे षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब के संविधान के अनुरूप देश और प्रदेश का संचालन कर रही है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के सनातन का समर्थन करने, लेकिन हिंदुत्व का समर्थन नहीं करने संबंधी बयान पर बृजेश पाठक ने कहा कि सनातन संस्कृति और हिंदुत्व एक-दूसरे से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व से ही हिंदुस्तान बना है और भाजपा भारतीय संस्कृति तथा संविधान के अनुरूप देश और प्रदेश को आगे बढ़ा रही है।
एक पार्टी के पूर्व अध्यक्ष के भाजपा छोड़ने और दूसरी पार्टी में शामिल होने संबंधी सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर लोगों को जोड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है और 2027 में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
लखनऊ में तीन हत्याओं से जुड़े सवाल पर बृजेश पाठक ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी दोषी बचने न पाए।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



