
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों चर्चा में है। 25 नवंबर 2026 को होने वाले इस विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं। शादी में कौन-कौन से नेता और मंत्री शामिल होंगे, इसकी सूची तैयार की जा रही है और मेहमानों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। लेकिन इस शाही शादी में सबसे ज्यादा चर्चा एक खास प्रतियोगिता की हो रही है। अनंत सिंह बेटी की शादी के मौके पर भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता कराने जा रहे हैं। इसमें जीतने वाले को महिंद्रा थार इनाम में दी जाएगी।
घुड़दौड़ में देशभर के घोड़े दिखाएंगे दमखम
अनंत सिंह ने मंगलवार (3 नवंबर) को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर इस प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी छोटी बेटी के विवाह के शुभ अवसर पर उनके पैतृक गांव नदवां (बाढ़) में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
इस मुकाबले में देश के अलग-अलग हिस्सों से नामी और चर्चित घोड़े हिस्सा लेने पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में घोड़ों की रफ्तार, कौशल और दमखम देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
विजेताओं को मिलेंगे ये शानदार इनाम
घुड़दौड़ प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागियों के लिए तीन पुरस्कार रखे गए हैं। पहला स्थान हासिल करने वाले को महिंद्रा थार मिलेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को भी इनाम दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के पुरस्कार इस प्रकार हैं:
- प्रथम पुरस्कार: महिंद्रा थार
- द्वितीय पुरस्कार: मोटरसाइकिल
- तृतीय पुरस्कार: स्कूटी
25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से होगा आयोजन
अनंत सिंह की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, घुड़दौड़ प्रतियोगिता 25 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। यह मुकाबला दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके लिए बिहार के बाढ़ क्षेत्र स्थित नदवां/लदमा गांव को चुना गया है।
पहले भी दंगल प्रतियोगिता करा चुके हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह गांव में बड़े आयोजनों और प्रतियोगिताओं के लिए पहले भी चर्चा में रहे हैं। इसी साल उन्होंने अपने गांव लदमा में विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि पर दंगल प्रतियोगिता का आयोजन कराया था। इसमें कई देशों के पहलवानों ने हिस्सा लिया था और अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में लोग मुकाबला देखने पहुंचे थे।
अब बेटी की शादी के मौके पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता के आयोजन ने एक बार फिर इस समारोह को चर्चा में ला दिया है। 25 नवंबर को होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के घोड़ों के बीच मुकाबला होगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि महिंद्रा थार का पहला पुरस्कार कौन अपने नाम करता है।



