
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और विपक्षी INDIA गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी दलों पर लोकतंत्र और जनादेश का अनादर करने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं में क्लैरिटी, कैपेसिटी और क्रेडिबिलिटी का पूरी तरह अभाव है। चुनावों में लगातार मिल रही हार के बाद विपक्ष की हताशा अब अराजकता की राजनीति में बदलती दिखाई दे रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि INDIA गठबंधन के नेतृत्वकर्ताओं में क्लैरिटी, कैपेसिटी और क्रेडिबिलिटी का अभाव है। जनादेश का अनादर इसी सोच का परिणाम है।
चुनावी हार के बाद विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में कांग्रेस और INDIA गठबंधन की राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर चुनाव में हार के नए-नए रिकॉर्ड बना रही कांग्रेस और INDIA गठबंधन की हताशा अब खुलकर अराजकता की राजनीति में बदल गई है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के नेता लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं के फैसलों और जनता के जनादेश पर भरोसा नहीं करते। उनके मुताबिक, लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनादेश का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
गोरखपुर में नितिन नबीन के साथ निकालेंगे पदयात्रा
सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में गोरखपुर में होने वाली बीजेपी की पदयात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा का उद्देश्य अराजकता के खिलाफ जनजागरण करना और लोकतंत्र की गरिमा की रक्षा का संकल्प लेना है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार भारत के महान लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान को जरूरी बताते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए।
सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश में चुनावी नतीजों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज है। उनके इस हमले के बाद कांग्रेस और INDIA गठबंधन की ओर से आने वाली प्रतिक्रिया पर भी नजर रहेगी।



