
नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गली सितारा में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। घटना सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास हुई। इमारत के मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। बचाव अभियान में पानी के टैंकर और रेस्क्यू वाहन भी लगाए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
अधिकारियों के अनुसार, इमारत गिरने के बाद मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव दल मलबे में लोगों की तलाश कर रहा है। फिलहाल हादसे में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दिवाली के आसपास बाजार में रहती है भारी भीड़
चावड़ी बाजार पुरानी दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक इलाकों में शामिल है। यहां त्योहारों के दौरान, खासकर दिवाली के आसपास, खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में व्यस्त बाजार के बीच इमारत गिरने की घटना ने चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।



