
मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सांस लेने में परेशानी और सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में दाखिल कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है।
ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत सामदानी ने शरद पवार की सेहत को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरद पवार को सांस और सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
सुप्रिया सुले ने दी थी अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी
शरद पवार की बेटी और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी। इससे पहले सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चला।
दो दिन तक अस्पताल में रहने के बाद गुरुवार को उन्हें रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि, आगे की जांच और इलाज के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है।



