
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों और कृष्ण भक्तों की नाराजगी के बीच अब मशहूर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज उनके समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री का बचाव करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी भगवान का अपमान करना नहीं था, बल्कि यह भक्तों के बीच होने वाला हंसी-मजाक और विनोद था।
बागेश्वर धाम सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी वीडियो संदेश में अनिरुद्धाचार्य ने पूरे विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण दोनों एक ही परमात्मा के स्वरूप हैं। दोनों में कोई बुनियादी अंतर नहीं है। त्रेतायुग में भगवान राम और द्वापरयुग में भगवान कृष्ण ने अपनी अलग-अलग लीलाओं के माध्यम से प्राकट्य लिया।
‘राम और कृष्ण दोनों एक ही परमात्मा के स्वरूप’
अनिरुद्धाचार्य जी महाराज ने समझाया कि अयोध्या के भक्त भगवान श्रीराम को अपना आराध्य मानते हैं, जबकि वृंदावन के भक्त भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति करते हैं। दोनों जगहों के भक्त अपने-अपने आराध्य की बाल लीलाओं और विशेषताओं को लेकर अक्सर हास्य-विनोद भी करते हैं।
उनके मुताबिक, धीरेंद्र शास्त्री ने भी इसी रस और विनोद के भाव में टिप्पणी की थी। इसे भगवान श्रीकृष्ण के अपमान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
टेढ़ी सरिया और कुएं की बाल्टी का सुनाया प्रसंग
अपनी बात समझाने के लिए अनिरुद्धाचार्य ने भगवान श्रीकृष्ण के त्रिभंगी स्वरूप से जुड़ा एक प्रसंग भी सुनाया। उन्होंने बताया कि एक बार वृंदावन के कृष्ण भक्त से किसी ने कहा कि तुम्हारे कन्हैया तो तीन जगह से टेढ़े हैं, जबकि हमारे रामजी बिल्कुल सीधे हैं।
यह सुनकर कृष्ण भक्त दुखी हो गया और अयोध्या जाने लगा। रास्ते में भगवान श्रीकृष्ण ने उसे ग्वाले के रूप में दर्शन दिए। उस समय कुछ लोग कुएं में गिरी बाल्टी को सीधी लोहे की सरिया से निकालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही थी।
तब ग्वाले के रूप में आए भगवान कृष्ण ने सरिया को आगे से मोड़कर हुक जैसा बना दिया, जिससे बाल्टी आसानी से बाहर निकल आई। इस प्रसंग के जरिए उन्होंने समझाया कि भवसागर में फंसी आत्माओं को बाहर निकालने के लिए भगवान कृष्ण का त्रिभंगी यानी तीन जगह से टेढ़ा स्वरूप भी विशेष महत्व रखता है।
क्या था धीरेंद्र शास्त्री का बयान, जिस पर हुआ विवाद?
दरअसल, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण तस्वीरों में तीन जगह से टेढ़े दिखाई देते हैं। उनके पैर एक-दूसरे के ऊपर होते हैं, कमर लचकती है और गर्दन टेढ़ी करके बांसुरी बजाते हैं।
इसके विपरीत उन्होंने भगवान श्रीराम को सीधे खड़े होने, सीधे चलने और सीधे स्वरूप वाले भगवान के रूप में बताया था। उनके इस बयान पर कुछ कृष्ण भक्तों ने आपत्ति जताई थी। सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर बहस शुरू हो गई थी।
अब अनिरुद्धाचार्य के समर्थन में आने के बाद यह मामला संत समाज और कथावाचकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।



