भाई दूज पर युवाओं और किसान परिवारों को सौगात देंगे सीएम योगी

भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने जा रहे अभ्यर्थियों को अग्रिम बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को सम्मान देना और संकट की घड़ी में अन्नदाता के परिवारों को सहारा देना डबल इंजन सरकार का संकल्प है।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि इसी संकल्प के तहत लखनऊ में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए राजस्व विभाग में नव-चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जाएगी।

2017 से पहले युवाओं के सपनों का होता था सौदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश में बदली हुई कार्यसंस्कृति का प्रमाण है। अब युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं और संकट में फंसे किसान परिवारों को सम्मान के साथ आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले युवाओं के सपनों का सौदा होता था और संकट से जूझ रहे किसान परिवार मदद के लिए दर-दर भटकते थे।

योग्यता के आधार पर मिल रही सरकारी नौकरी

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की कार्यसंस्कृति में बदलाव किया है। अब सरकारी नौकरियों में सिफारिश के बजाय योग्यता को महत्व दिया जा रहा है। वहीं, दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को मुश्किल समय में सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी नव-चयनित युवाओं को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button