अखिलेश के राम मंदिर जाने से किसे लग रहा डर? रुचि वीरा ने बताया

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बाबरी मस्जिद और राम मंदिर को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने बाबरी मस्जिद का जिक्र करते हुए कारसेवकों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि बाबरी मस्जिद ढहाने के लिए उस पर चढ़ने वाले कारसेवकों के पास क्या अदालत का कोई आदेश था? रुचि वीरा ने कहा कि उस समय सरकार ने जो जरूरी समझा, वह किया। धर्म से ऊपर उठकर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी होती है।

ओवैसी को दी नसीहत, अखिलेश के राम मंदिर जाने पर कही ये बात

सपा सांसद ने असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बाबरी मस्जिद के नाम पर लोगों को भटकाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ”देश में सभी को अपना धर्म मानने की आजादी है। अखिलेश यादव के अयोध्या में राम मंदिर जाने से कोई मुसलमान नाराज नहीं होने वाला है। ओवैसी साहब चिंता न करें।”

बीजेपी को अखिलेश के राम मंदिर जाने से डर: रुचि वीरा

रुचि वीरा ने दावा किया कि सपा के साथ सिर्फ मुसलमान ही नहीं, बल्कि दलित, पिछड़े, महिलाएं, सिख और ईसाई समुदाय के लोग भी आएंगे। उन्होंने कहा कि यह जाति-बिरादरी का मामला नहीं है और बीजेपी को अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने से डर लग रहा है। इसी वजह से बीजेपी नेता उनके मंदिर जाने का विरोध कर रहे हैं।

बीजेपी पर राम मंदिर को लेकर लगाए आरोप

सपा सांसद ने बीजेपी पर राम मंदिर के मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव को देखते हुए आधे-अधूरे मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई थी, जबकि उनके मुताबिक चारों शंकराचार्यों ने इसे लेकर आपत्ति जताई थी।

रुचि वीरा ने मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे और जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर भी बीजेपी पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को मौका मिलता है तो वह राम मंदिर और अयोध्या को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ने का काम करेंगे।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर क्या बोलीं?

ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर संभावित गठबंधन पर भी रुचि वीरा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन से कोई खास फर्क नहीं पड़ने वाला है और लोग दोनों नेताओं की भूमिका समझ रहे हैं।

सपा सांसद ने दावा किया कि चुनाव में मुकाबला सीधे तौर पर होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग बीजेपी को हराना चाहते हैं, वे समाजवादी पार्टी के साथ आएंगे और बीजेपी को कड़ी टक्कर देंगे।

Related Articles

Back to top button