यूपी का ब्रांड बना बुलडोजर, अब देश-विदेश में बढ़ेगी मांग: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। अगर प्रदेश में बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो देश-विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से उत्तर प्रदेश निवेश के लिए एक प्रमुख केंद्र बना है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे। इस प्लांट को 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से करीब 100 एकड़ में स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

जेवर बनेगा औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब

योगी आदित्यनाथ ने जेवर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कभी अपराध और अराजकता के लिए बदनाम रहा यह इलाका आज निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा के विकास से पूरा क्षेत्र औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि इस इलाके में एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसके लिए क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की भी सराहना की।

यूपी देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में पलायन, पिछड़ापन और अराजकता बड़ी चुनौतियां थीं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की पहचान बदल रही है। उन्होंने दावा किया कि कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला यूपी आज देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। डीरेग्युलेशन के मामले में भी प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला है।

50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के जरिए 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है।

युवाओं को मिलेगा रोजगार, किसानों को भी फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का नया प्लांट कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक निर्माण को बढ़ावा देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के साथ मिलकर युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित कर रही है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं बढ़ाई जा रही हैं।

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर समेत कई जनप्रतिनिधि और सीएनएच कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button