मणिपुर में फिर हिंसा, फायरिंग में महिला की मौत

मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की घटना सामने आई है। गुरुवार को कांगपोकपी और सेनापति जिलों की सीमा के पास दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। इसके विरोध में कुकी संगठन कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) ने कांगपोकपी जिले में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है।

धान की कटाई कर रही थी महिला

पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी गुरुवार सुबह करीब 11 बजे ताफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंजांग गांव के बीच हुई। इस दौरान खेत में धान की कटाई कर रही 42 वर्षीय महिला किमनेइनेंग चोंगलाई गोलीबारी की चपेट में आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना में डेविड चोंगलाई (34) और लमखोचोन चोंगलाई (46) भी घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और खेतों में काम कर रहे लोग वहां से चले गए।

48 घंटे के बंद का ऐलान

महिला की मौत के बाद कुकी संगठन CoTU ने 12 नवंबर की आधी रात से कांगपोकपी जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का ऐलान किया। संगठन ने राज्य और केंद्र सरकार से कांगपोकपी जिले से सुरक्षा बलों को हटाने की मांग की है।

संगठन का आरोप है कि सेनापति जिले के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई सुरक्षा व्यवस्था आम लोगों की जान-माल की रक्षा करने में नाकाम रही है। हालांकि, बंद के दौरान शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है।

सुरक्षा बल तैनात, जांच शुरू

घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पुलिस, CRPF और BSF के जवानों ने आसपास के गांवों में तलाशी अभियान शुरू किया है, ताकि हिंसा को आगे बढ़ने से रोका जा सके।

इस बीच, मणिपुर के एक अन्य जिले उखरुल में भी गोलीबारी की घटना सामने आई। यहां सिनाकीथेल गांव के पास खेतों में काम कर रहे किसानों पर गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।

पहले भी हो चुकी हैं हिंसक घटनाएं

ताफौ कुकी गांव में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले इसी गांव के दो कुकी युवकों के अपहरण और हत्या के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया था। दोनों युवक 28 अक्टूबर को लापता हुए थे और उनके शव 1 नवंबर को बरामद किए गए थे। इसके बाद से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी।

मणिपुर की उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने महिला की हत्या की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना जताई और सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की।

Related Articles

Back to top button