आजम खान की बढ़ीं मुश्किलें, ED ने 4 दिन के लिए लिया रिमांड पर

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम गुरुवार देर रात उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल से अपने साथ दिल्ली ले गई। पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका मेडिकल टेस्ट कराया गया और इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में रखा गया। यहां उनसे जौहर यूनिवर्सिटी मामले में पूछताछ की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, ईडी को आजम खान की चार दिन की कस्टडी मिली है। वह 16 नवंबर तक दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में रहेंगे। इस दौरान लखनऊ जोन के ईडी अधिकारी उनसे जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में सवाल-जवाब करेंगे।

ED दफ्तर पहुंचकर आजम खान ने सरकार पर साधा निशाना

डासना जेल से निकलने के बाद आजम खान को मेडिकल जांच के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें ईडी कार्यालय पहुंचाया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “हमने बच्चों को शिक्षित करने का अपराध किया। हमने एक यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल बनाए। एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बना दिया, शायद यही हमारी गलती थी।”

डासना जेल में शिवपाल यादव ने की थी मुलाकात

आजम खान को दिल्ली ले जाने से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने गाजियाबाद की डासना जेल में उनसे मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद शिवपाल ने जेल प्रशासन पर आजम खान को जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाया था।

उन्होंने दावा किया था कि आजम खान को फर्जी मुकदमों में फंसाया गया है और उनकी जान लेने की कोशिश की जा रही है।

अखिलेश यादव ने जताई थी आजम खान की सुरक्षा पर चिंता

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आजम खान को डासना जेल से दूसरी जगह ले जाने की खबरों पर चिंता जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रशासन से आजम खान के स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने की अपील की थी।

अखिलेश यादव ने कहा था कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उनकी सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

अब ईडी की चार दिन की कस्टडी के दौरान जौहर यूनिवर्सिटी मामले में आजम खान से होने वाली पूछताछ पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button