
वाराणसी | जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अपने 25वें दिन बीएचयू से शुरू होकर विभिन्न स्थानों पर युवाओं और नागरिकों से संवाद करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर पहुँची। यहाँ यात्रा में शामिल युवाओं ने बनारस में जबरन भूमि अधिग्रहण के विरोध में संघर्षरत किसानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित सभा के दौरान जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा के साथियों ने कहा कि किसानों की जमीन, युवाओं का रोजगार, छात्रों की शिक्षा और आम नागरिकों के अधिकारों पर हो रहे हमले अलग-अलग लड़ाइयाँ नहीं हैं। किसानों की लड़ाई हमारी भी लड़ाई है और युवाओं की लड़ाई में किसान भी हमारे साथी हैं। उन्होंने सरकार के खिलाफ शिक्षा, रोजगार, जमीन और अधिकारों के सवाल पर एक व्यापक और संगठित मोर्चा खोलने का ऐलान किया।
वक्ताओं ने कहा कि विकास के नाम पर किसानों से उनकी जमीन छीनी जा रही है, जबकि दूसरी ओर देश और प्रदेश का युवा बेरोजगारी और अवसरों की कमी से जूझ रहा है। सरकार की नीतियों का सबसे अधिक बोझ किसान, मजदूर, छात्र और युवा उठा रहे हैं। ऐसे में समाज के अलग-अलग तबकों को एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।
उल्लेखनीय है कि जस्टिस मोर्चा की 45 दिवसीय जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा 20 अगस्त को गोरखपुर से शुरू हुई है। यात्रा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए युवाओं, छात्रों, किसानों और आम नागरिकों से संवाद कर रही है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने, बेरोजगारी के खिलाफ आवाज़ उठाने तथा युवाओं के लिए समान और पर्याप्त अवसरों की मांग को मजबूत करना है।
यात्रा आगे भी अपने मार्ग में छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और विभिन्न जनसमूहों से संवाद करते हुए उनके संघर्षों के साथ खड़ी रहेगी। 45 दिनों की यह यात्रा 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर लखनऊ में समाप्त होगी।



