
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जेल में पूर्व मंत्री आजम खान से मुलाकात की। सुबह करीब 11 बजे जेल पहुंचे शिवपाल ने मुलाकात के बाद योगी सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। शिवपाल ने साफ कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी में थे और आगे भी पार्टी में ही रहेंगे।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने कहा कि अब आजम खान को केवल अदालत से ही राहत मिलने की उम्मीद है। उनके मुताबिक, शासन और प्रशासन लगातार उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी आजम खान से जेल में मुलाकात कर चुके हैं।
‘गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाना ही उनका कसूर’
शिवपाल यादव ने आजम खान का पक्ष लेते हुए कहा कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे झूठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान का कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय बनाया और वे मुस्लिम हैं। इसी वजह से उनके साथ अन्याय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आजम खान दस बार विधायक, चार बार कैबिनेट मंत्री और दो बार सांसद रह चुके हैं। ऐसे वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह निंदनीय है।
‘कई बार जान लेने की कोशिश हुई’
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि आजम खान की जान लेने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन वह मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने कहा कि इस उत्पीड़न का असर उनके परिवार पर भी पड़ रहा है। शिवपाल ने आजम खान के साथ अपने पारिवारिक और आत्मीय रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ है।
जेल में मुलाकात के तरीके पर भी जताई नाराजगी
शिवपाल यादव ने जेल प्रशासन पर मुलाकात के दौरान प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजम खान वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री हैं, इसके बावजूद उनसे जाली के बीच मुलाकात कराई गई। शिवपाल ने इसे नियमों के खिलाफ बताया।
इस दौरान उन्होंने दावा किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी।



