
असम के काजीरंगा में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गोलाघाट जिले के रोंगाजान इलाके में एक यात्री बस और ट्रेलर की टक्कर में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे की पुष्टि जिला प्रशासन और पुलिस ने की है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोलाघाट जिले के जिला कमिश्नर बिस्वजीत फुकन ने बताया कि काजीरंगा के पास रोंगाजान इलाके में यह दुर्घटना हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के समय बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैवलर गाड़ी ट्रेलर से जा टकराई, जिसके बाद यह बड़ा हादसा हुआ।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने जताया दुख
हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि काजीरंगा में हुई दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बिना देरी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे मंत्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में हिम्मत मिलने की प्रार्थना की।
फिलहाल हादसे में घायल लोगों का इलाज जारी है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं।



