यूपी कांग्रेस शुरू करेगी मंडलीय समीक्षा

लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज करते हुए, कांग्रेस बुधवार से मंडल-स्तरीय कार्यकर्ता बैठकों की एक श्रृंखला शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत झांसी मंडल से होगी। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जल्द ही टिकट को लेकर भी बैठक करने वाली है जिसमे यह तय होगा की कौन कितनी और कौन सी सीट पर लड़ेगा।

ये बैठकें लखनऊ में जिला और शहर अध्यक्षों की हाल ही में हुई उस बैठक के बाद हो रही हैं, जिसमें उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं और लक्ष्य तय किए गए थे। मंडल-स्तरीय इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में जोश भरना और उन्हें आगामी चुनावों में ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए तैयार करना है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि लखनऊ में जिला और शहर अध्यक्षों की संयुक्त बैठक के बाद अब मंडल-स्तरीय बैठकें हो रही हैं, जिनमें उन्हें काम सौंपे गए थे। इन बैठकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्यकर्ता गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत पर पूरा फोकस रखें।

मंडल-स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता करने वालीं आराधना मिश्रा ने बताया, पार्टी चुनाव समिति और प्रचार समिति बनाने की योजना बना रही है, जबकि सीट-बंटवारे की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो जाएगी। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की जरूरत है।

झांसी मंडल की बैठक के बाद, 20 नवंबर को बरेली और 21 नवंबर को आगरा में बैठकें होंगी। यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने बताया, 22 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष मथुरा में ‘सामाजिक न्याय अधिकार सम्मेलन’ की अध्यक्षता भी करेंगी।

Related Articles

Back to top button