बच्चे की मौत पर योगी का सपा पर वार, आज परिवार से मिलेंगे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत को लेकर सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए सवाल किया कि आखिर उस मासूम की गलती क्या थी? मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आज पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन को घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफियाराज का बोलबाला था और समाजवादी पार्टी माफिया तथा अपराधियों की पर्याय रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान हुई घटना के बाद भी संबंधित लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना तक व्यक्त नहीं की।

‘अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनी हैं सड़कें’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सड़कें अराजकता और गुंडागर्दी के लिए नहीं बनाई गई हैं। अच्छी सड़कों का इस्तेमाल विकास के लिए होना चाहिए, न कि उन पर अव्यवस्था फैलाने के लिए। उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान सड़क पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी दी कि प्रदेश में माफियागिरी और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

बुलडोजर की चपेट में आने से हुई थी 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत

दरअसल, गोरखपुर में अखिलेश यादव के PDA रोड शो के दौरान 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। बताया गया कि रोड शो में फूल बरसाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बुलडोजर की चपेट में आने से किशोर की जान चली गई।

आर्यवर्धन सिंह, ओंकार सिंह श्रीनेत के बेटे थे। उनका अंतिम संस्कार आज सुबह राप्ती नदी के तट पर स्थित राजघाट पर किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आवास विकास कॉलोनी के झारखंडी स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।

Related Articles

Back to top button