बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, यूनुस के घर में लगाई आग

बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन और विरोध प्रदर्शनों के बीच हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़पों के साथ आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। चटगांव में नोबेल पुरस्कार विजेता और अंतरिम सरकार के पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी गई। वहीं, मुकसुदपुर थाने पर हमला कर उसे भी आग के हवाले कर दिया गया।

मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग

चटगांव के पांचलाइश इलाके में स्थित मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में बुधवार रात करीब 11:30 बजे आग लगा दी गई। पांचलाइश थाने के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक ने घटना की पुष्टि की है। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय घर की सुरक्षा में तीन जवान तैनात थे। घर के एक हिस्से में यूनुस के परिवार के सदस्य रहते हैं, जबकि दूसरा हिस्सा खाली है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि खाली हिस्से के ग्राउंड फ्लोर पर केरोसिन या पेट्रोल डालकर आग लगाई गई।

मुकसुदपुर थाने पर हमला, कई गाड़ियों में आग

अवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों के बीच मुकसुदपुर थाने पर भी हमला किया गया। गुरुवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच हुए इस हमले में थाने को आग लगा दी गई और कई वाहनों को भी जला दिया गया।

मुकसुदपुर सर्किल के सहायक पुलिस अधीक्षक सुबीर कुमार साहा ने घटना की पुष्टि की। उनके मुताबिक, हमले के समय थाने में करीब 95 पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन संख्या अधिक होने के कारण पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हमलावरों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

24 घंटे में 537 गिरफ्तार, कई शहरों में बीजीबी तैनात

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान 537 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद और प्रतिबंधित अवामी लीग के 107 सदस्य शामिल हैं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह और फरीदपुर में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 96 प्लाटून तैनात की गई हैं।

तारिक रहमान ने अवामी लीग पर लगाए आरोप

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गुरुवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के लिए अवामी लीग के लोगों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भागने के बाद भी अवामी लीग के लोग आगजनी और हिंसा कर रहे हैं।

लालनिरहाट सदर के महेंद्रनगर में एक नहर के पुनर्निर्माण कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान उन्होंने यह बयान दिया।

बांग्लादेश में शेख हसीना की दिसंबर में संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बना हुआ है। अवामी लीग के समर्थकों के प्रदर्शन और गिरफ्तारियों के बीच देश के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button