
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के यूपी चुनाव में उतरने और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) के साथ गठबंधन करने के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन पर निशाना साधा है। योगी ने ओवैसी का नाम लिए बिना उन्हें ‘हैदराबाद से आया मौलाना’ बताते हुए तंज कसा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हैदराबाद से आया हुआ मौलाना बहुत मचल रहा है। जिस दिन यूपी का परिणाम आएगा तो फैसला हो जाएगा कि हैदराबाद भाग्यलक्ष्मीपुरम हो गया है। हम उनको सौगात दे देंगे।”
कांग्रेस, सपा और ओवैसी पर साधा निशाना
सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हो, समाजवादी पार्टी हो या हैदराबाद से आए लोग, ये सभी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे। माफिया के अलग-अलग स्वरूप देखने को मिलते थे।
योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के लोगों की सेवा की है। अच्छी सरकार आने से प्रदेश का विकास होता है और अब सरकारी सुविधाओं में कोई सेंध नहीं लगा सकता। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले ‘साइकिल वाले’ आते थे और डकैती डालते थे।
‘सपा माफिया का पर्याय रही है’
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय बच्चे की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने समाजवादी पार्टी को माफिया का पर्याय बताते हुए आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान हुई घटना पर पार्टी के लोगों ने संवेदना तक व्यक्त नहीं की।
योगी ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में माफियागिरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों के लिए जेल ही जगह है।



