
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस के बाड़े का लोकार्पण किया। उन्होंने बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित करते हुए कहा कि तेजस के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और यहां आने वाले लोगों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन स्थल नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।
कॉलेज के छात्रों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी अब निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
धामी ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। साथ ही, युवाओं में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित होगा।
पर्यावरण संतुलन के साथ विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता उसकी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
धामी ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



