
टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा और एक्ट्रेस ईशा सिंह के रिश्ते को लेकर इन दिनों चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया पर दोनों के ब्रेकअप की खबरें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि ईशा ने अविनाश को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। इसी बीच ईशा की मां का एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह धोखे का जिक्र करती सुनाई दे रही हैं। इन तमाम चर्चाओं के बीच अविनाश ने पहली बार सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी है।
कभी एक-दूसरे के लिए किया था प्यार का इजहार
अविनाश और ईशा के रिश्ते की खबरें उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब ‘खतरों के खिलाड़ी 18’ की सक्सेस पार्टी में अविनाश ने ईशा से खुलेआम अपने प्यार का इजहार किया था। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं और बढ़ गई थीं।
वहीं, ‘पति पत्नी और पंगा’ के एक एपिसोड में भी दोनों ने स्वीकार किया था कि उनका रिश्ता सिर्फ दोस्ती तक सीमित नहीं है। हालांकि, अब दोनों के अलग होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
अविनाश ने पोस्ट में मांगी प्राइवेसी
ब्रेकअप की खबरों के बीच अविनाश ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक इमोशनल नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “दोस्तों… चलो ये सब छोड़कर आगे बढ़ते हैं। पिछले कुछ दिन मेरे काफी मुश्किल रहे हैं। मैं मीडिया पेज से रिक्वेस्ट करता हूं कि प्लीज दूसरों की प्राइवेसी की इज्जत करें। रिलेशनशिप पर्सनल चीज होती है, कोई एंटरटेनमेंट का जरिया नहीं। हर चीज व्यूज या इंगेजमेंट के लिए नहीं होती। लोगों को शांति से रहने दें।”
अविनाश ने अपने नोट में ब्रेकअप की खबरों पर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने न तो रिश्ते के खत्म होने की पुष्टि की और न ही वायरल हो रहे आरोपों पर कोई सफाई दी।
ईशा की मां के ऑडियो से बढ़ीं चर्चाएं
इस बीच ईशा की मां का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह धोखे की बात करती सुनाई दे रही हैं। इसके बाद अविनाश पर ईशा को धोखा देने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ईशा ने भी इस पूरे मामले पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में दोनों के रिश्ते को लेकर तस्वीर साफ होने का इंतजार है। फिलहाल अविनाश ने अपनी पोस्ट के जरिए लोगों से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की है।



