
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सियासी हलचल बढ़ा दी है। खास बात यह है कि सपा की इस सूची में दो ऐसी विधानसभा सीटें शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पेश की थी। इनमें सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट शामिल हैं।
दोनों सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर सपा ने न केवल कांग्रेस के साथ चल रही बात को झटका दिया है, बल्कि गठबंधन में सीटों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट करने का संकेत दिया है।
सपा ने बेहट से मौजूदा विधायक उमर अली खान और सहारनपुर से मौजूदा विधायक आशु मलिक को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इस तरह पार्टी ने अपनी पहली सूची में चार मौजूदा विधायकों पर फिर भरोसा जताया है।
टिकट घोषणा के बाद एक बयान में ज्योति लोधी ने कहा कि सपा पिछले पांच वर्षों से चुनाव की तैयारी कर रही थी। राजनीतिक रूप से इस सूची का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 में सहारनपुर सीट जीतने के बाद इस संसदीय क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी जताई है। सहारनपुर से कांग्रेस के इमरान मसूद सांसद हैं और वह प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। कांग्रेस की रणनीति उन संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर अधिक हिस्सेदारी मांगने की रही है, जहां पार्टी के मौजूदा सांसद हैं। ऐसे में बेहट और सहारनपुर सीटों पर सपा का उम्मीदवार घोषित करना कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है।
गौरतलब है कि कांग्रेस और सपा के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में दो दौर की बातचीत हो चुकी है। कांग्रेस ने बातचीत के दौरान करीब 130 विधानसभा सीटों की नई सूची सपा को सौंपी है, जबकि सपा की ओर से कांग्रेस को फिलहाल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या और अलग-अलग क्षेत्रों में दावेदारी को लेकर सहमति बनना अभी बाकी है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस से शेष सीटों के नाम भी साझा करने को कहा था, जिन पर पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है। इसके कुछ घंटे बाद ही पांच उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई। इसे सीट बंटवारे की बातचीत में सपा के अपने मौजूदा विधायकों वाली सीटों पर समझौता नहीं करने के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सपा की सूची में चार मुस्लिम और एक ओबीसी समुदाय से आने वाली प्रत्याशी को जगह मिली है। इससे पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रणनीति की झलक भी मिलती है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस इस घोषणा को किस तरह लेती है और आने वाली बैठकों में बेहट तथा सहारनपुर सीटों पर अपनी दावेदारी को किस मजबूती से रखती है। फिलहाल, सीट बंटवारे की औपचारिक सहमति से पहले सपा की इस सूची ने दोनों दलों के बीच बातचीत की जटिलता बढ़ा दी है।



