
Uttarkashi Fire News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से 33 मकान, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय जलकर राख हो गए. घटना में 58 परिवार प्रभावित हुए हैं. राहत की बात है कि अब तक किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है.
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई है. मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से 33 मकान जलकर राख हो गए. आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आ गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
पुरोला के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के मुताबिक, आग की इस घटना में कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं. हालांकि, गांव के 13 मकान सुरक्षित बच गए हैं. एसडीएम ने बताया कि अब तक किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है.
गैस सिलेंडर से आग लगने की आशंका
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह गैस सिलेंडर हो सकती है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
डीएम ने बताया कि आग से 33 मकान प्रभावित हुए हैं. इसके अलावा गांव में मवेशियों को भी नुकसान पहुंचा है. आग की वजह से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है.
मौके पर पहुंचीं पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पवाणी गांव मोरी तहसील से करीब 55 से 60 किलोमीटर दूर स्थित है. गांव तक पहुंचने के लिए सड़क से लगभग 300 से 400 मीटर पैदल चलना पड़ता है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहत और बचाव कार्य के साथ प्रभावित परिवारों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है.
सीएम धामी ने दिए राहत के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में आग लगने की घटना पर दुख जताया है. उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी राहत सामग्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.



