बछरावां के रानीखेड़ा गांव में सनसनीखेज खुलासा, पुलिस ने पिता और सौतेली मां को किया गिरफ्तार

कलयुगी पिता बना बेटे का कातिल, हत्या कर फांसी का दिया था रूप

रायबरेली। जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर जिस घटना को फांसी लगाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी, वह पुलिस जांच में हत्या निकली। पुलिस ने साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम रानीखेड़ा में रोशनलाल (24 वर्ष) पुत्र छेदालाल का शव घर के बाहरी कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी महराजगंज के साथ थाना बछरावां पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


मामले में मृतक के पिता छेदालाल की तहरीर पर थाना बछरावां में मुकदमा संख्या 109/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया था। हालांकि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमें गठित कर मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और धरातलीय साक्ष्यों के आधार पर घटना की परतें खोलनी शुरू कीं। पूछताछ में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मृतक रोशनलाल अक्सर शराब के नशे में अपनी सौतेली मां अर्चना के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। घटना से एक दिन पहले भी उसका गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार इसी स्थिति का फायदा उठाकर पिता छेदालाल और उसकी पत्नी अर्चना ने मिलकर रोशनलाल का गला दबाकर हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या दर्शाने के लिए उसे फांसी का रूप देने की कोशिश की। हत्या के बाद शक से बचने के लिए मृतक का मोबाइल फोन भी गायब कर दिया गया था। बाद में अभियुक्ता अर्चना की निशानदेही पर 3 मार्च को घर से करीब 300 मीटर दूर गेहूं के खेत से मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।


पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार के नेतृत्व में थाना बछरावां पुलिस टीम ने सख्त पूछताछ के बाद मृतक के पिता छेदालाल पुत्र श्रीराम और सौतेली मां अर्चना पत्नी छेदालाल निवासी ग्राम रानीखेड़ा मजरे कुर्री थाना बछरावां को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को 4 मार्च 2026 को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार पाल, उपनिरीक्षक विकास कुमार, आरक्षी आशीष यादव, आरक्षी कासिब अहमद और महिला आरक्षी दीपमाला सिंह शामिल रहीं।पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button