
हरदोई। पुलिस अधीक्षक हरदोई ने पुलिसकर्मियों की कार्यशैली में लापरवाही और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए रविवार को देर रात चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में तीन उपनिरीक्षकों और एक फॉलोअर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार थाना बेहटा गोकुल में तैनात उपनिरीक्षक मोहित कुमार द्वारा सरकारी कार्य में रुचि न लेने तथा लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने का मामला सामने आया। इसे कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है।
वहीं कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक सभा नारायण सिंह के विरुद्ध बाराबंकी और एटा में अभियोग पंजीकृत होने,विभिन्न व्यक्तियों द्वारा धनराशि हड़पने संबंधी शिकायतें मिलने तथा बिना अवकाश/सूचना के अनुपस्थित रहने के आरोपों के चलते कार्रवाई की गई है।
थाना शाहाबाद में तैनात उपनिरीक्षक दृगपाल सिंह गौर पर कार्य में रुचि न लेने,लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही,उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना तथा आमजन के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप हैं। इन आरोपों के चलते उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
इसके अलावा थाना सुरसा के फॉलोअर शुभम गंगवार को कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरतने और शराब के नशे में आमजन से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में निलंबित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की उदासीनता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



